वोट की खातिर CM जयराम ठाकुर ने फिर छोड़ा OPS का तीर, कहा-सिर्फ भाजपा ही लागू कर सकती है इसे

हिमाचल प्रदेश में चुनावी माहौल के बीच राजनैतिक पार्टियां एक-दूसरे पर शब्दों के बाण चलाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही। बीते दिन प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने एक बार फिर OPS का तीर छोड़ दिया। उन्होंने कहा कि OPS को सिर्फ BJP ही लागू कर सकती है। अब सोचने वाली बात है कि अगर वाकयी ठाकुर के दावे में सच्चाई होती तो अब तक यह मसला कब का हल हो चुका होता। न सिर्फ संबंधित कर्मचारियों के परिवारों का, बल्कि राजनैतिक विश्लेषकों का भी यही मानना है कि ये सिर्फ चुनावी दावे हैं। हाथी के दांत खाने के और और दिखाने के और...।

ध्यान रहे, देशभर में विभिन्न विभागों के करोड़ों कर्मचारी पुरानी पैंशन बहाली के लिए संघर्षरत हैं। राजस्थान, छत्तीसगढ़, झारखंड और हाल ही में पंजाब में यह फिर से शुरू हो चुकी है। जल्द ही बिहार समेत कई और राज्यों में OPS की बहाली की संभावना है, लेकिन हिमाचल प्रदेश के सवा लाख कर्मचारियों के संघर्ष का कोई फल इन्हें नहीं मिला। बहुतेरे तरीकों से प्रदर्शन करने के साथ ही हाल में आदर्श चुनावी आचार संहिता लगने से पहले भी NPSEA ने प्रदेश की सरकार से अपील की थी कि इस स्कीम को बहाल करके 1 लाख 20 हजार से ज्यादा कर्मचारियों और उनके परिवारों को लाभ पहुंचाया जाए, लेकिन हुआ कुछ नहीं। अब जबकि प्रदेश में नई सरकार चुनने के लिए कुछ ही दिन बचे हैं तो ऐसे में भारतीय जनता पार्टी (BJP), कॉन्ग्रेस (Congress) और राजनीति का पहाड़ चढ़ने की कोशिश कर रही आम आदमी पार्टी (AAP) सभी OPS की बहाली के दावे कर रही हैं। इसी बीच रविवार को प्रदेश के मौजूदा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर चंबा में चुराह और चंबा विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित किया और इन जनसभाओं में वही OPS का पुराना राग अलापा। जयराम ने कहा कि पुरानी पैंशन स्कीम (OPS) को केवल भाजपा ही बहाल कर सकती है। इसको लेकर विचार-विमर्श किया जा रहा है।

उधर, इसके अलावा चंबा के हरिपुर गांव में जनसभा को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि बेरोजगारी और महंगाई के लिए असल मे कांग्रेस जी जिम्मेदार है। कांग्रेस ने देश मे पिछले कई वर्षों तक राज किया और देश को खोखला करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। जयराम ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस के समय मे भ्र्ष्टाचार की सारी सीमाएं टूट गई थी। कांग्रेस एक ऐसी पार्टी है जहां घोटालों के लिए भी कॉम्पिटिशन होता है। कांग्रेस चंबा में मैडिकल कॉलेज के लिए जमीन तक उपलब्ध नहीं करवा पाई थी। भाजपा की सरकार ने चंबा को जो भी जरूरत थी, वो प्राथमिकता से दिया है। हमने चंबा को उसके हिस्से से ज्यादा ही दिया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस 10 गारंटियों की बात कर रही है 2003 में भी कांग्रेस ने गारंटी दी थी, लेकिन न तब कुछ बना न अब कुछ हो पाएगा। जयराम ने प्रदेश कांग्रेस को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि प्रदेश की आज जो वितीय दुर्गति है, उसके लिए भी कांग्रेस ही जिम्मेदार है। जब उन्होंने सत्ता संभाली थी, तब प्रदेश के ऊपर 50 हजार करोड़ रुपए का ऋण था। हमारी सरकार ने कोविड से निपटने के लिए ही ऋण का सहारा लिया। जयराम ने कहा कि कांग्रेस सरकार के 2012-17 के कार्यकाल में ही प्रदेश में सबसे अधिक ऋण लिया गया। कांग्रेस के नेताओं को चेतावनी देते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के नेता अपनी हद में रहें, अन्यथा हम अपने पर आए तो कांगेसी नेताओं का चलना मुश्किल हो जाएगा। आजकल कांग्रेस के नेता कांग्रेस छोड़ो यात्रा पर निकले हैं। कांग्रेस के चार में से दो कार्यकारी अध्यक्ष भाजपा में शामिल हो गए हैं।

 

Get Hindi News Latest and Breaking News For Punjab, Haryana, Himachal Pradesh, Delhi etc.

Breaking Hindi News